अयोध्या, रूदौली तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत जखौली के मजरे धमौरा में गुरुवार की रात तारा देवी पत्नी श्यामनाथ के घर में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई।
आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही मिनटों में घर मे रखा धान,गेहूं सहित समस्त खाद्य सामग्री,चारपाई, बिस्तर व जरूरी सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।
घटना के समय तारा देवी घर पर ही थीं उनके घर मे आग की लपटें देख गांव के राजेश कुमार पांडे, संजय पांडेय, राजेश रमन, अभिलाष व अन्य ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया लेकिन तब तक सबकुछ जलकर काफी नुकसान हो चुका था।
आग लगने की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान रामफेर चौरसिया ने तत्काल लेखपाल योगेश प्रताप सिंह को अवगत कराया।
लेखपाल योगेश प्रताप सिंह एवं प्रधान प्रतिनिधि सुशील चौरसिया ने मौके पर पहुंचकर आग लगने से हुए नुकसान का जायजा लिया और तहसील प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया।








