बेंगलुरू के विबग्योर हाई स्कूल रोड पर एक मार्केटिंग पेशेवर की कार को एक स्कूटर चालक ने कथित तौर पर हमला करके क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना कार में लगे डैशबोर्ड कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है और स्कूटर चालक की तलाश की जा रही है, ताकि हमले के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर किये गए पोस्ट में दीपक जैन ने अपनी आपबीती सुनाई और हमले की फुटेज साझा की। इस हमले की वजह से वह सदमे में आ गए थे।
उन्होंने कहा कि शनिवार को सुबह 11.39 बजे कर्नाटक के पंजीकरण संख्या वाली भूरे रंग की ओला स्कूटर ने बायीं तरफ से अचानक उनकी कार से आगे निकलने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि शुरू में उन्हें कुछ भी संदिग्ध नहीं लगा, लेकिन कुछ सौ मीटर दूर जाने पर उन्हें एहसास हुआ कि स्कूटर चालक उनका पीछा कर रहा है। उन्होंने कहा कि वह उन्हें रुकने के लिए चिल्ला रहा था और हॉर्न बजा रहा था। उन्होंने बताया कि इसके बाद उसने कार के सामने अपनी स्कूटर खड़ी कर दी।
जैन ने दावा किया, ‘स्कूटर चालक ने गुस्से में आकर सड़क से एक नारियल उठा लिया। जब वह नारियल से हमला करने के लिए मेरी कार के पास आया, तो उसका चेहरा दिखाई दे रहा था। सुबह 11.40 बजे उसने मेरी कार की दाहिनी ओर की खिड़की तोड़ दी और मुझे इसे खोलने के लिए मजूबर किया। इसके बाद उसने कार का दाहिना ओआरवीएम (आउटर रियर व्यू मिरर) तोड़ दिया और आक्रामक रूप से चिल्लाना जारी रखा…उसने खिड़की पर कई बार प्रहार किया, और जब मैं डरी हुई हालत में भागने की कोशिश कर रहा था, तो उसने कार के पिछले शीशे पर नारियल फेंक दिया और भाग गया।”
एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि जैन की शिकायत के आधार पर वर्थुर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है और स्कूटर चालक को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।


