वाशिंगटन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) उद्योग के प्रमुख दिग्गजों के बीच आमतौर पर सहमति कम ही देखने को मिलती है और ऐसे में जब वे किसी मुद्दे पर एक राय बनाते हैं तो उस पर ध्यान जाना स्वाभाविक है।
एंथ्रोपिक के दारियो अमोडेई, ओपनएआई के सैम ऑल्टमैन, स्पेसएक्सएआई के एलन मस्क और उद्योग जगत की अन्य प्रमुख हस्तियों ने हाल के दिनों में कहा है कि एआई के विकास की रफ्तार धीमी करने की जरूरत है। यह सहमति एंथ्रोपिक के एक शोधकर्ता के इस्तीफे के बाद सामने आई, जिन्होंने इस तकनीक से मानवता को होने वाले गंभीर खतरों की चेतावनी दी थी।
हालांकि, घरेलू और वैश्विक प्रतिस्पर्धा, मुनाफे की प्रेरणा और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विरोध जैसे कारक एआई के विकास की गति को लेकर किसी समन्वित प्रयास की राह में बाधा बने हुए हैं।
गृह सुरक्षा विभाग में उभरती प्रौद्योगिकी नीति के पूर्व निदेशक और न्यूयॉर्क विश्वविद्यालय के सहायक प्रोफेसर निक रीज का कहना है कि फिर भी, यह स्थिति उद्योग को ‘‘सफलता की हमारी परिभाषा को नए सिरे से तय करने’’ के लिए मजबूर कर सकती है।
रीज ने कहा, ‘‘अगर हम एआई में सफलता को उसी तरह देखें जैसे विमानन क्षेत्र में सफलता को देखते हैं? विमान समय पर पहुंचे और न जाने कितने समय से कोई दुर्घटना न हुई हो। हम वाणिज्यिक विमानों की दुर्घटनाओं को स्वीकार नहीं करते, लेकिन एआई की बड़ी विफलताओं को स्वीकार कर लेते हैं।’’
सैद्धांतिक रूप से प्रमुख एआई स्टार्टअप अपने मॉडल के विकास की गति कभी भी धीमी कर सकते हैं। लेकिन तकनीक में हुई तेज प्रगति के पीछे और अधिक शक्तिशाली मॉडल बनाने की प्रतिस्पर्धा भी एक प्रमुख कारण रही है। व्हाइट हाउस भी इस प्रयास का समर्थन करता रहा है ताकि अमेरिका एआई के क्षेत्र में चीन से अपनी बढ़त न खोए।
एंथ्रोपिक और ओपनएआई संभावित रूप से रिकॉर्ड स्तर के सार्वजनिक शेयर निर्गम की दिशा में भी आगे बढ़ रहे हैं। हालांकि, ओपनएआई ने कहा है कि वह इस साल सार्वजनिक होने की योजना को टाल रहा है और फिलहाल सुरक्षा प्रयासों पर ध्यान दे रहा है।
इसी वजह से उद्योग की ओर से सामने रखे गए प्रस्ताव आपसी सहयोग और कुछ हद तक सरकारी नियमन पर निर्भर हैं।
अमोडेई ने हाल में एक विस्तृत लेख प्रकाशित किया, जिसमें उन्होंने उन्नत एआई के विकास को धीमा करने की योजना सामने रखी।
उनके एक प्रस्ताव के अनुसार, एआई के क्षेत्र में अग्रणी कंपनियों, जिन्हें आम तौर पर ‘फ्रंटियर लैब्स’ कहा जाता है, को स्वतंत्र बाहरी मूल्यांकनकर्ताओं को ‘‘लगातार, कर्मचारी जैसे स्तर का पहुंच अधिकार’’ देने के लिए प्रतिबद्ध होना चाहिए। इन मूल्यांकनकर्ताओं की टीमों के पास कंपनियों के कार्यालयों में काम करने, प्रवेश कार्ड और कंपनी के लैपटॉप इस्तेमाल करने जैसी सुविधाएं होनी चाहिए, ताकि वे सुरक्षा संबंधी गतिविधियों की निगरानी कर सकें।
अमोडेई ने लिखा कि एंथ्रोपिक इस कदम के लिए अभी ‘‘एकतरफा प्रतिबद्धता’’ जता रही है। ऑल्टमैन ने सोशल मीडिया पर इसे ‘‘बहुत अच्छा विचार’’ बताया और कहा कि ओपनएआई भी इसका अनुसरण करेगी।
ऑल्टमैन ने उन्नत एआई के लिए सुरक्षा मानक तय करने वाले ‘‘संघीय ढांचे’’ का स्वागत किया। हालांकि उन्होंने कहा कि एआई सुरक्षा पर काम करने के लिए कंपनी को कानून बनने या प्रतिस्पर्धा-विरोधी नियमों से छूट मिलने का इंतजार करने की जरूरत नहीं है।
अमोडेई ने सरकार द्वारा नियमन और हस्तक्षेप की भी वकालत की। इसमें अमेरिका और अन्य लोकतांत्रिक देशों की सरकारों की मदद से अग्रणी एआई कंपनियों के बीच समन्वय शामिल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रमुख प्रयोगशालाएं ‘‘साझा सुरक्षा मानक और अनियंत्रित एआई विकास की रफ्तार की सीमाएं’’ तय कर सकती हैं।
अमोडेई की योजना में अमेरिका और अन्य देशों द्वारा ‘‘सत्तावादी सरकारों’’ के साथ भी समन्वय का प्रस्ताव है। उन्होंने माना कि चीन से सहयोग हासिल करने सहित इसमें कई कठिनाइयां हैं।