अयोध्या, ब्लॉक संसाधन केंद्र रुदौली में बुधवार को दिव्यांग बच्चों के लिए उपकरण मापन कैंप का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी के निर्देशन तथा मुख्य विकास अधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में समग्र शिक्षा अभियान और एलिम्को कानपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कैंप में अयोध्या जिले के छह ब्लॉकों के कक्षा एक से 12 तक अध्ययनरत 174 दिव्यांग बच्चों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी रुदौली रमाकांत राम ने की, जबकि जिला समन्वयक समेकित शिक्षा शिवाकांत द्विवेदी की देखरेख में कैंप का संचालन हुआ।
कैंप में रुदौली, मवई, मिल्कीपुर, सोहावल, अमानीगंज और नगर क्षेत्र के दिव्यांग बच्चों की आवश्यकता का आकलन किया गया। जांच और मापन के बाद 146 बच्चों को कुल 245 सहायक उपकरणों के लिए चिन्हित किया गया।
इनमें हियरिंग एड, कैलीपर्स, ट्राईसाइकिल, सीपी चेयर, रोलेटर, बैसाखी और टीएलएम किट समेत विभिन्न उपकरण शामिल हैं। चयनित बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुसार संबंधित उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
कैंप में एलिम्को कानपुर से आए प्रोस्थेटिक सर्जन डॉ. अब्दुल रहमान ने बच्चों की जांच की। वहीं ऑडियोलॉजिस्ट डॉ. हरेंद्र सिंह ने बच्चों की श्रवण क्षमता की जांच की। कैंप के दौरान विशेषज्ञों ने बच्चों की जरूरत के अनुसार उपकरणों के लिए उनका परीक्षण और मापन किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला समन्वयक दिव्यांग शिक्षा शिवाकांत द्विवेदी, डाटा ऑपरेटर हर्षित तिवारी, फिजियोथेरेपिस्ट विवेक श्रीवास्तव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय से आए गणेश प्रताप सिंह तथा विभिन्न ब्लॉकों में कार्यरत स्पेशल एजुकेटरों ने सहयोग किया।
इनमें रवींद्र कुमार प्रजापति, अशोक कुमार, संत बहादुर सविता, आनंद कुमार, सुनील कुमार, अजीत सिंह, कृष्णचंद्र वर्मा, मानिक राम कनौजिया और महेंद्र पाठक शामिल रहे। दिव्यांग बच्चों और उनके अभिभावकों की सहायता एवं मार्गदर्शन के लिए कंपोजिट विद्यालय गनौली के प्रधानाध्यापक अकील अहमद भी मौजूद रहे।