गोपेश्वर, उत्तराखंड के चमोली जिले में जोशीमठ के पास शुक्रवार अपराह्न एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
चमोली जिले के अधिकारियों ने बताया कि बचाव अभियान के लिए टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। हेलीकॉप्टर में एक पायलट और पांच यात्री सवार थे। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि हादसे में कोई हताहत हुआ है या नहीं।
उत्तराखंड में बद्रीनाथ से लौट रहा हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया है. इस हादसे का खौफनाक वीडियो सामने आया है. हेलिकॉप्टर में पायलट समेत 6 लोग सवार थे. जोशीमठ के पास हेलिकॉप्टर ने नियंत्रण खोया. pic.twitter.com/RtcqFUdfws
— Hemraj Singh Chauhan (@JournoHemraj) October 30, 2026
अधिकारियों ने बताया कि निजी कंपनी का हेलीकॉप्टर बदरीनाथ से देहरादून लौट रहा था, तभी अपराह्न करीब दो बजकर 20 मिनट पर चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र में चाई गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि, अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि हेलीकॉप्टर बदरीनाथ धाम से लौट रहा था या नहीं।
जिला प्रशासन ने बताया कि ‘ट्रांस भारत एविएशन’ का हेलीकॉप्टर जेपी पावर हाउस के पास पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अधिकारियों ने बताया कि राहत एवं बचाव अभियान के लिए पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ), सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों को घटनास्थल पर रवाना किया गया है।
वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेलीकॉप्टर हादसे में घायलों को बेहतर उपचार के लिए ‘एयरलिफ्ट’ करने के निर्देश दिए।
धामी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा ”स्वयं भी पूरे घटनाक्रम की निरंतर निगरानी कर रहा हूं। गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार हेतु हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं।