अयोध्या, जनपद के कैंट थाना क्षेत्र स्थित गद्दोपुर एफसीआई (FCI) डिपो के बाहर आज एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भारतीय खाद्य निगम कार्यालय के ठीक सामने गेहूं से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार महिला को बेरहमी से कुचल दिया।
हादसा इतना भयानक था कि महिला की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। वहीं, मां की मौत के बाद उसके शव के पास बैठा बेटा चीख-चीख कर रोता रहा, जिसे देख वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के बारून चौकी अंतर्गत पहुपीपुर निवासी के रूप में हुई है। वह अपने बेटे के साथ किसी जरूरी काम से बाइक पर सवार होकर जा रही थी, तभी एफसीआई डिपो के बाहर वह काल के गाल में समा गई।
इस वीभत्स हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों का सीधा आरोप है कि एफसीआई गेट पर रोजाना ट्रकों को बेहद बेतरतीब तरीके से खड़ा किया जाता है। डिपो के गार्डों और ट्रक चालकों की मिलीभगत के कारण पहले अंदर घुसने की होड़ मची रहती है, जिससे यहां लगातार अव्यवस्था बनी रहती है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस मुख्य मार्ग से रोजाना हजारों लोग गुजरते हैं, लेकिन ट्रकों के गलत तरीके से खड़े होने के कारण यहां प्रतिदिन लंबा जाम लगता है और हमेशा दुर्घटनाओं का खतरा मंडराता रहता है। आज इसी प्रशासनिक और स्थानीय लापरवाही की कीमत एक बेगुनाह महिला को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।
हादसे की सूचना मिलते ही सहादतगंज पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर मौजूद आक्रोशित भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवा दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

