राजधानी लखनऊ के काकोरी इलाके में बृहस्पतिवार को एक रोडवेज बस के अनियंत्रित होकर पलट जाने से पांच यात्रियों की मौत हो गई तथा 10 अन्य जख्मी हो गए। पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि काकोरी थानाक्षेत्र में गोला कुंआ के पास हरदोई से लखनऊ आ रही एक तेज रफ्तार रोडवेज बस सड़क निर्माण कार्य में लगे टैंकर से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर खाईं में जा गिरी।
उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई तथा 10 अन्य घायल हो गये। पुलिस आयुक्त अमरेंद्र सिंह सेंगर ने इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो जाने और 10 अन्य के घायल हो जाने की पुष्टि की है।
पुलिस ने बताया कि स्थानीय निवासियों की मदद से बचाव दल ने घायल यात्रियों को बाहर निकाला और उन्हें काकोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। स्थानीय निवासियों ने बताया कि घटनास्थल पर सड़क निर्माण कार्य चल रहा था और दुर्घटना के समय सड़क पर पानी का छिड़काव किया जा रहा था।








