बलिया जिले में एक पशु मालिक ने अपनी पालतू भैंस ‘बसंती’ का चौथा जन्मदिन अनोखे अंदाज में मनाया। मालिक ने भैंस के जन्मदिन पर पार्टी रखी, जिसमें ‘बसंती’ को फूलों की माला पहनाई गई, सिर पर जन्मदिन की टोपी लगाई गई और केक भी काटा गया।
इस पूरे आयोजन का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। मनियर थाना क्षेत्र के बड़गांव गांव में मंगलवार रात राजेश कुमार वर्मा ने ‘बसंती’ का चौथा जन्मदिन धूमधाम से मनाया।
वर्मा ने बताया कि जन्मदिन के लिए आयोजन स्थल को रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजाया गया था, बसंती को फूलों की माला पहनाने के साथ-साथ उसके सिर पर ‘हैप्पी बर्थडे’ की टोपी लगाई गई और उसके सामने दो केक रखे गए। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की मौजूदगी में केक काटकर बसंती को खिलाया गया।
इस दौरान लोगों ने तालियां बजाकर उसे जन्मदिन की बधाई दी और ‘हैप्पी बर्थडे बसंती’ गीत भी गाया।
वर्मा ने बताया कि उन्होंने समारोह में मौजूद ग्रामीणों को मिठाई बांटी और गांव के लोगों ने भी इस आयोजन में उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
पशु मालिक ने कहा कि उन्होंने अपनी पालतू भैंस के प्रति लगाव को अलग अंदाज में व्यक्त करने के लिए यह आयोजन किया। वर्मा के अनुसार, वह बसंती को अपने परिवार के एक सदस्य की तरह मानते हैं।