अयोध्या, प्रसव के लिए सीएचसी रुदौली पहुंची एक गर्भवती महिला ने एम्बुलेंस में देरी और प्रसव पीड़ा बढ़ने के चलते भेलसर मार्ग पर सड़क किनारे पेड़ की छांव में बच्चे को जन्म दे दिया।
सीएमओ डॉक्टर सुशील कुमार बनियान ने मामले को संज्ञान में लेते हुए रुदौली सीएचसी की डॉक्टर अंजु जयसवाल को हटाया। डा अंजू जयसवाल को सीएचसी मवई भेजा गया। सीएचसी मवई की डॉक्टर रीना मिश्रा को सीएचसी रुदौली भेजा गया।
डॉक्टर अंजु जयसवाल ने एनीमिया बता कर मरीज को रेफर किया था। रास्ते में ही स्थानीय महिलाओं ने सड़क के किनारे झाड़ी के पास सुरक्षित प्रसव कराया था। सीएमओ डॉक्टर सुशील कुमार बनियान ने डॉक्टर अंजु जयसवाल के खिलाफ जांच के आदेश दिए।
जानकारी के अनुसार, राजकुमारी पत्नी राकेश निवासी बहरास, रुदौली क्षेत्र की रहने वाली है। प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उसे सीएचसी रुदौली लेकर पहुंचे जहां डॉ. अंजू जयसवाल द्वारा जांच के दौरान उसमें खून की भारी कमी पाई गई और उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
परिजनों का कहना है कि एम्बुलेंस के देर से पहुंचने और महिला की हालत बिगड़ने पर उसे भेलसर मार्ग पर पेड़ की छांव में बिठाया गया, जहां उसने सामान्य प्रसव के जरिए एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। बाद में महिला को दोबारा सीएचसी रुदौली लाया गया।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन बरनवाल ने बताया कि महिला को खून की गंभीर कमी के कारण जिला अस्पताल रेफर किया गया था लेकिन दोबारा लाने के बाद उसका उपचार सीएचसी में चल रहा है। नवजात शिशु स्वस्थ है।


