लखनऊ, प्रदेश में ऊर्जा मंत्री के दावों की पोल खुल रही है। सदन में हाल ही में ऊर्जा मंत्री ने दावा किया कि रोस्टर के मुताबिक ग्रामीण और शहरी इलाकों में भरपूर बिजली आपूर्ति की जा रही है।
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशकों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शेड्यूल के अनुरूप विद्युत आपूर्ति के बीच होने वाली बिजली समस्या की भरपाई रोस्टर के दौरान अतिरिक्त सप्लाई देकर पूरी की जाए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में 18 घण्टे, तहसील मुख्यालय स्तर पर 19.30 घण्टे और जनपद मुख्यालय स्तर पर 24 घण्टे विद्युत आपूर्ति का शेड्यूल प्रदेश सरकार ने तय किया है। इसे हर हाल में बनाए रखना है।
किसी भी क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति के दौरान अगर कोई स्थानीय फाल्ट के चलते कुछ समय के लिए विद्युत आपूर्ति बाधित होती है तो उसकी भरपाई रोस्टर कटौती के दौरान अतिरिक्त आपूर्ति देकर की जाए।
ग्रामीण क्षेत्रों में:
4A- 31 मई तक रोजाना सुबह 6:25 से 9:25 बजे तक और दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक कटौती होगी।
4B- दूसरे सप्लाई कोड में सुबह 9:15 से 11:30 बजे तक और दोपहर 3:15 से 7:00 बजे तक कटौती रहेगी।
अन्य क्षेत्रों में: शहरी और ग्रामीण इलाकों में अलग-अलग समय पर बिजली कटौती हो सकती है।
लखनऊ में: आवास विकास, दुबग्गा, काकोरी, रहमानखेड़ा, राधा ग्राम, आजाद नगर, बसंत कुंज उपकेंद्रों की सप्लाई सुबह 7 बजे से 8:30 बजे तक बाधित रहेगी।
जनपद मुख्यालय स्तर पर: 24 घंटे बिजली आपूर्ति रहेगी
तहसील मुख्यालय स्तर पर: 19.30 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे बिजली आपूर्ति रहेगी।
तहसील और नगर पंचायत इलाकों में: रोजाना सुबह 6:10 से 7:10 बजे तक और शाम 4:30 बजे से 6:00 बजे तक कुल 2.30 घंटे बिजली कटौती होगी।
नगर पंचायत इलाकों में: रोजाना सुबह 6:00 बजे से 7:30 बजे तक और शाम को 4:15 से 5:15 बजे तक बिजली कटौती होगी।
उन्होंने कहा कि अगर किसी गांव में सुबह छह बजे से नौ बजे के बीच और दोपहर 12 से तीन बजे के बीच रोस्टिंग तय की गई है। इसी दौरान सुबह नौ से 12 बजे के बीच स्थानीय फाल्ट के कारण दो घण्टे विद्युत आपूर्ति बाधित होती है तो दोपहर 12 से तीन बजे के बीच में दो घण्टे की अतिरिक्त विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था कर ली जाए। जिससे उस क्षेत्र में कुल 18 घण्टे की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
बाधित सप्लाई के बदले प्रतिपूरक आपूर्ति (Compensatory supply) की यही व्यवस्था कृषि फीडरों पर भी लागू होगी। जिससे किसानों को सिंचाई के लिए समस्या न हो।

इस व्यवस्था को अनिवार्य रूप से सभी डिस्कॉम अपने क्षेत्रों में लागू करेंगे। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ऊर्जा मंत्री के निर्देश के बाद उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गोयल ने सभी डिस्कॉम को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि निर्धारित शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति की जाए, अगर इस दौरान कोई फॉल्ट आती है और उस दौरान बिजली कटौती होती है तो फिर अतिरिक्त आपूर्ति कर पहले उसे पूरा किया जाए।








