अयोध्या में भव्य चौदहकोसी परिक्रमा मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्यों में लापरवाही और खराब गुणवत्ता को लेकर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD), निर्माण खंड-3 के अधिशासी अभियंता सहित 13 अधिकारियों व इंजीनियरों का अगस्त माह का वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया है।
इसके साथ ही सभी अधिकारियों को सात दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह कार्रवाई हाल ही में मंडलायुक्त राजेश कुमार और जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी द्वारा चौदहकोसी परिक्रमा मार्ग पर निर्माण एवं पौधारोपण कार्यों के औचक स्थलीय निरीक्षण के बाद की गई है।
निरीक्षण के दौरान कार्यों में अपेक्षित गुणवत्ता का अभाव, निर्धारित मानकों की अनदेखी और अधिकारियों द्वारा ढिलाई बरते जाने की बात सामने आई थी।
मामले में गाज़ गिरते ही अधिशासी अभियंता सत्यपाल सिंह, सहायक अभियंता अखिल वर्मा, विपिन कुशवाहा व पूर्ण कुमार रस्तोगी, तथा अवर अभियंता विनोद कुमार, सिद्धार्थ वर्मा, मनोज कुमार श्रीवास्तव, करुणेश कुमार सिंह, प्रवीण कुमार शर्मा, मनोज कुमार, अशोक कुमार यादव, विनोद कुमार विश्वकर्मा और स्वतंत्र कुमार बीहड़ का वेतन रोक दिया गया है।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि जनहित और धार्मिक महत्व की परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
यदि तय समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।










