अयोध्या, शासन के कमांड एवं कंट्रोल सेंटर (DCCC) ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नगर निगम अयोध्या की स्वच्छता, नाला सफाई, पेयजल आपूर्ति एवं संचारी रोग नियंत्रण सहित अन्य आवश्यक नागरिक सेवाओं की गहन समीक्षा की गई।
DCCC की समीक्षा के दौरान नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा द्वारा नगर के विविध स्थलों का भ्रमण कर शासन को वर्षा पूर्व तैयारियों की अद्यतन स्थिति से अवगत कराया गया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान नगर आयुक्तने नगर क्षेत्र की दैनिक सफाई व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण, नाले-नालियों की सफाई, जल निकासी प्रणाली एवं पेयजल आपूर्ति की व्यवस्थाओं का लाइव प्रदर्शन कर शासन को स्थिति से अवगत कराया।
इसके क्रम में शर्मा द्वारा रामघाट मार्ग स्थित सोतिया नाला, अयोध्या-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-27) पर तिलोई नाला, पुष्पराज चौराहा, गुप्तार घाट एवं संत रविदास मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान नालों की समुचित सफाई, अवरुद्ध मार्गों की स्थिति, जल प्रवाह की सुचारु व्यवस्था, घाटों की स्वच्छता, प्रकाश एवं नागरिक सुविधाओं का परीक्षण कर आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
नगर आयुक्त द्वारा उपस्थित अभियंताओं एवं अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए सभी नाला सफाई एवं जल निकासी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं, जिससे नगरीय क्षेत्र में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।
साथ ही श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा हेतु घाटों पर स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की सतत निगरानी एवं संचालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान श्री अशोक कुमार गुप्ता (जोनल अधिकारी), श्री राजेश कुमार झा (मुख्य सफाई निरीक्षक) एवं श्री विजयेंद्र वर्मा (सफाई निरीक्षक) सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


