अयोध्या, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और खेत मजदूर संगठन ने भगतसिंह, राजगुरु एवं सुखदेव के शहादत दिवस पर डाक बंगला परिसर स्थित एटक कार्यालय से नगर निगम के भगतसिंह पार्क तक जन अधिकार मार्च निकालकर सभा की।
नगर निगम स्थित भगतसिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण के पश्चात रामजी राम यादव की अध्यक्षता और अनिरुद्ध मौर्य के संचालन में हुईं सभा को सम्बोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आजादी की लड़ाई बहुत से लोग लड़ रहे थे किन्तु भगतसिंह जैसे क्रांतिकारी देश की आजादी के साथ साथ गरीबों, मजदूरों, किसानों के बेहतरी के लिए भी संघर्ष कर रहे थे।

वे चाहते थे कि जब देश आजाद हो तो सत्ता मजदूरों किसानों के हाथ में आए लेकिन ऐसा नहीं हो सका। इसका परिणाम यह रहा कि आज भी देश की अस्सी प्रतिशत जनता पांच किलो अनाज पर निर्भर है।
वक्ताओं ने आगे कहा कि आजादी के पचहत्तर साल बाद भी समाज में गैरबराबरी, छुआछूत, जातिवाद व्याप्त है और इसके लिए पूरी तरह सरकारें जिम्मेदार हैं। युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है, दलितों, महिलाओं, अल्पसंख्यकों के उत्पीड़न की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं और सरकार साम्प्रदायिक ऐजेण्डे के तहत समाज में नफरत फैला रही है। धर्म, भाषा, जाति, लिंग आदि का भेदभाव मिटाकर ही देश को आगे बढ़ाया जा सकता है।
सभा को भाकपा जिला सचिव अशोक कुमार तिवारी, संयुक्त सचिव एवं खेत मजदूर संगठन के महामंत्री शैलेन्द्र प्रताप सिंह, सूर्यकान्त पाण्डेय , अवधराम यादव, राम सनेही यादव, अवधेश निषाद, मुजीब, आफाक उल्ला, शिव राम, शेर अली आदि लोगों ने सम्बोधित किया तथा शांती मौर्या,शीला, हरीराम, रूपा, शिव कुमारी, आशीष, रविकांत, मोहन, राम लोचन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


