मथुरा जिले के कोसीकलां कस्बे में एक सर्राफा शोरूम में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात किलोग्राम से अधिक सोने के आभूषण और 11 लाख रुपये नकद बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात कोसीकलां के सर्राफा बाजार स्थित एक दुकान से करीब 10 किलोग्राम सोने के आभूषण और 15 लाख रुपये नकद कथित तौर पर चोरी किए गए थे।
आगरा जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) एसके भगत ने पुलिस लाइंस में संवाददाताओं को बताया कि पुलिस ने आगरा इकाई के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) और सर्विलांस टीम की मदद से मुख्य आरोपी विष्णु उर्फ पप्पू सोनी, उसके भाई मोहन और दो महिलाओं को गोपाल बाग से गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 7.120 किलोग्राम सोने के आभूषण और 11 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। अधिकारी ने बताया कि बरामद सोने के आभूषणों की कीमत करीब 12 करोड़ रुपये आंकी गई है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल लॉकर की चाबी, घटना के समय पहने गए कपड़े, झोला, गैस कटर, वायर कटर और शोरूम के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग वाला डीवीआर भी बरामद किया गया है।
अधिकारी ने बताया कि पप्पू पहले सर्राफ के यहां काम कर चुका था और उसे दुकान की पूरी जानकारी थी।
उन्होंने बताया कि पप्पू ने छत पर बंदरों को रोकने के लिए लगाए गए लोहे के जाल को काटकर दुकान में प्रवेश किया और दरवाजे का लॉक गैस कटर से काट दिया। अधिकारी के अनुसार, पप्पू को तिजोरी व अलमारियों की चाबियों के बारे में भी जानकारी थी और उसने जेवर व नकदी निकालने के बाद उन्हें पहले की तरह बंद कर दिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।