भागलपुर (बिहार), भागलपुर के एक गांव में बृहस्पतिवार को नल के पानी को लेकर हुए विवाद में हुई गोलीबारी में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय के एक भांजे की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि इस घटना में मृतक की मां और भाई घायल हो गए हैं।
नौगछिया पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रेरणा कुमार ने बताया कि भागलपुर से सटे नौगछिया पुलिस जिले के जगतपुर गांव में नल के पानी को लेकर दो भाइयों विश्वजीत और जयजीत के बीच झगड़ा हो गया।
उन्होंने कहा, ‘जब भाइयों के बीच झड़प हुई, तो उनकी मां ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। विश्वजीत की मौके पर ही मौत हो गई। जयजीत और उसकी मां को अस्पताल ले जाया गया है। आगे की जांच जारी है।
यह पूछे जाने पर कि क्या मृतक केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय का भांजा (बहन का बेटा) था तो उन्होंने हां में जवाब देते हुए कहा, ‘हमें (संबंध के बारे में) जानकारी मिली है…… हालांकि, हम इस मामले को उसी तरह से देख रहे हैं, जैसे हम इस तरह की किसी भी घटना को देखते हैं।
संबंधित अधिकारियों ने अस्पताल जाकर बयान दर्ज किया है। फोरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल पर मौजूद हैं।नित्यानंद राय वैशाली जिले से आते हैं।


