बुलंदशहर जिले में शादी के दौरान दूल्हे द्वारा की गई ताबड़तोड़ हर्ष फायरिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दूल्हे की वेशभूषा में सजा एक शख्स हाथ में पिस्टल थामे मात्र 6 से 7 सेकेंड के भीतर करीब 16 से 17 राउंड गोलियां चलाते हुए दिखाई दे रहा है।
हालांकि, पुलिस जांच में सामने आया है कि यह वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं बल्कि साल 2022 में हुई एक शादी का है, जो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है। मामला संज्ञान में आते ही बुलंदशहर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वीडियो में हर्ष फायरिंग करने वाले युवक की पहचान बुलंदशहर के थाना खुर्जा नगर क्षेत्र स्थित मोहल्ला तरी निवासी शफीक उर्फ शादाब के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2022 में अपनी शादी के जश्न के दौरान शादाब ने यह जानलेवा हर्ष फायरिंग की थी। उस पर अवैध हथियार रखने का भी गंभीर आरोप है। मामले की जानकारी देते हुए एसपी ग्रामीण अंतरिक्ष जैन ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के साथ-साथ फायरिंग में इस्तेमाल किए गए असलहे की भी जांच कर रही है कि वह लाइसेंस था या अवैध। आरोपी की जल्द से जल्द धरपकड़ के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।