संभल में सोमवार को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच रंग भरी एकादशी का जुलूस निकाला गया। अधिकारियों ने बताया कि जिले में हर जगह शांति व्यवस्था कायम है।
संभल में रंग भरी एकादशी पर श्री श्याम सेवा समिति ने आर्य समाज रोड से जुलूस निकाला, जिसमें दर्जनभर से अधिक मनमोहक झांकियां प्रदर्शित की गईं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों सहित भारी मात्रा में पुलिस बल इस जुलूस के दौरान सुरक्षा के लिए मौजूद दिखे। जुलूस में सभी श्रद्धालु गुलाल उड़ाते हुए और रंगों से सराबोर नजर आए।
संभल के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) श्रीशचंद्र ने बताया कि रंग भरी एकादशी का जुलूस परंपरागत रूप से निकाला जा रहा है और सब जगह शांति व्यवस्था कायम है। उन्होंने कहा कि जुलूस के साथ पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया है और सभी संदिग्ध लोगों पर सीसीटीवी के माध्यम से नजर रखी जा रही है।
संभल में पिछले साल 24 नवंबर को अदालत के आदेश पर शाही जामा मस्जिद के सर्वेक्षण के दौरान हिंसा भड़क उठी थी, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे। सर्वेक्षण इस दावे के बाद शुरू किया गया था कि मस्जिद का निर्माण मुगलकाल में कथित रूप से ढहाए गए एक हिंदू मंदिर के खंडहर पर किया गया है।
पंडित शोभित शास्त्री ने बताया कि रंग भरी एकादशी पर श्याम बाबा का जुलूस ”सब मंगलमय हो” कामना के साथ गुलाल और रंगों के साथ लोगों को आनंदित कर रहा है। उन्होंने कहा कि बाबा श्याम की शोभा यात्रा में शामिल होने को लेकर लोगों में उत्साह है।
स्थानीय निवासी अजय अग्रवाल ने बताया कि यह जुलूस लगभग 50 वर्षों से निकाला जा रहा है और ऐसी मान्यता है कि रंग भरी एकादशी पर जो भी इस यात्रा में शामिल होता है, उस पर श्याम बाबा का विशेष आशीर्वाद होता है।


