अयोध्या, रुदौली कोतवाली की शुजागंज चौकी क्षेत्र में खतरनाक बाइक स्टंटबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक सड़क पर बेखौफ होकर बाइक से स्टंट करता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की।
शुजागंज चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह ने वायरल वीडियो के आधार पर बाइक की पहचान कराई। पुलिस के मुताबिक बाइक संख्या UP 42 BJ 4716 के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 और 207 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने 12 हजार रुपये का ई-चालान काटने के साथ बाइक को सीज कर दिया।
चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह ने कहा कि सड़क पर इस तरह के खतरनाक स्टंट करने से स्टंट करने वाले व्यक्ति के साथ-साथ राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि सड़क पर जान जोखिम में डालकर स्टंट करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।