अयोध्या, फैजाबाद के रिकाबगंज चौराहे पर स्थित विशालकाय नीम का पेड़ शनिवार की दोपहर अचानक गिर पड़ा। पेड़ की चपेट में आने के कारण एक बच्चे की मौत हो गई तथा कई घायल हो गए। पेड़ के नीचे दब कर कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को दोपहर एक बजे के रिकाबगंज चौराहे पर स्थित विशालकाय नीम का पेड़ एकाएक गिर पड़ा। व्यस्त मार्ग होने के कारण कई राहगीर इसकी चपेट में आए।
मौके पर पहुंची पुलिस व स्थानीय लोगों पेड़ के चपेट में आए लोगों को निकाला। जिनमें से ज्यादा चोटें आने के कारण एक बालक समेत तीन को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जहां चिकित्सकों ने दस वर्षीय अब्बू साहिमा पुत्र रमजान मोइया बेगमगंज पूराकलंदर को मृत घोषित कर दिया। आशिया पत्नी सगीर अहमद अंगूरीबाग, नाजमीन पुत्री अब्दुल रहूक ठठरईया तथा मेहताब पुत्र उसमान मोइया बेगमगंज, पूराकलंदर का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। कई अन्य को भी चोटें आई है। पेड़ की चपेट में आने के कारण उसके नीचे खड़े कई दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
इसी बीच, अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता जिला अस्पताल पहुंचे। इस दौरान घायलों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।
विधायक ने मृतक के परिजनों को 4 लाख मुआवजा दिलवाने के लिए शासन से जिलाधिकारी से वार्ता कर स्वीकृति करवाया। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल के सीएमओ से भी घायलों के इलाज के लिए हर संभव मदद सुनिश्चित करने की बात कही।


