अयोध्या, रूदौली क्षेत्र शुजागंज के हलीमनगर अवैध क्लीनिक में कथित हाइड्रोसील ऑपरेशन के बाद बिचाला निवासी युवक मुकेश रावत की मौत के मामले में अयोध्या के पूर्व सांसद लल्लू सिंह भी बिचाला गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिले।
चार मासूम बच्चों और पत्नी मनीषा की दर्दभरी हालत देखकर उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। पूर्व सांसद ने कहा कि परिवार को सरकार की सभी पात्र योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा और बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने का हर संभव प्रयास होगा। उन्होंने बताया कि मामले में एक आरोपी जेल भेजा जा चुका है, जबकि दूसरे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।
इस दौरान मृतक के भाई सर्वेश कुमार रावत ने शुजागंज चौकी के तत्कालीन दीवान इंद्रेश यादव पर न्याय मांगने के दौरान मारपीट का आरोप लगाया।
इस पर लल्लू सिंह ने कहा कि यदि संबंधित पुलिसकर्मी पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई है तो उसे भी न्याय के दायरे में लाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परिवार को हर हाल में न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।









