नोएडा, गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा सेक्टर- 49 थाना क्षेत्र के बरौला गांव में एक महिला ने बुधवार को अपनी दो मासूम बच्चियों के साथ तीसरी मंजिल से कथित तौर पर नीचे छलांग लगा दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि तीनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया जहां महिला और चार साल की एक बच्ची की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक उसने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है और पति एवं पड़ोसियों से मामले में पूछताछ कर रही है।
थाना के प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार सैनी ने बताया कि सरिता देवी (32 वर्ष) अपनी तीन बेटियों और पति के साथ बरौला गांव में रहती थी और उनका पति एक निजी अस्पताल में काम करता है।
उन्होंने बताया कि बुधवार दोपहर सरिता बेटी दिव्या (4) और कृतिका (3) के साथ अपने मकान की तीसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। आसपास के लोगों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां पर डॉक्टरों ने दिव्या को मृत घोषित कर दिया। थोड़ी देर बाद उपचार के दौरान सरिता की भी मौत हो गई।
सैनी के मुताबिक कृतिका की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि आसपास के लोगों के अनुसार महिला ने छत से छलांग लगाई है, मामले में महिला के पति से पूछताछ की जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि कुछ लोगों ने महिला को छत से धक्का देने का दावा किया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


