अयोध्या, एक साथ 37 कर्मियों को नोटिस से रोडवेज में हलचल मच गई है। इसके दायरे में रोडवेज बसों के चालक, परिचालक और संविदा कर्मी शामिल है। यह कार्रवाई जनवरी माह की समीक्षा के बाद की गई।
क्षेत्रीय स्तर पर की गई समीक्षा में कई कर्मचारी बगैर सूचना के अनुपस्थित रहे। कई का लोड फैक्टर कम पाया गया। इससे निगम को आर्थिक क्षति हुई। इसके बाद सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी की।
बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले नियमित चालक जाकिर हुसैन, नियमित परिचालक आदर्श पांडेय और गिरीश चंद्र गौड़ को कारण बताओ नोटिस जारी की गई है। कहा गया है कि अनुपस्थिति के कारण बसों का संचालन प्रभावित हुआ। निगम को आर्थिक क्षति उठानी पड़ी। क्यों न निलंबित करते हुए अनुशासनिक कार्रवाई शुरू की जाए।
ड्यूटी से लापता रहे संविदा चालक राम कृष्ण वाजपेयी, अमरनाथ मौर्य, नरेंद्र शर्मा, राजेश यादव, अकील अहमद व नागेश सिंह से भी स्पष्टीकरण मांगा है। स्पष्टीकरण न देने पर संविदा समाप्त करने की नोटिस दी गई है।
जनवरी माह में खाली बसें दौड़ाई गई। लोड फैक्टर कम रहा। इसके मद्देनजर 28 बसों के परिचालकों को नोटिस जारी की गई। खाली बसें दौड़ाने से निगम को आर्थिक क्षति उठानी पड़ी। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आदित्य प्रकाश ने बताया कि कर्मियों को नोटिस जारी कर तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब आने के बाद अगली कार्रवाई होगी।


