हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश), मसियाना गांव के पास निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा शुक्रवार को ढहने से पांच श्रमिक घायल हो गए और छह अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह पुल मटौर-शिमला चार लेन मार्ग पर बनाया जा रहा है। पुल का हिस्सा ढहने के साथ निर्माण सामग्री और श्रमिक करीब 100 फुट गहरी खाई में गिर गए। इनमें से एक श्रमिक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को एम्बुलेंस से हमीरपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
हिमाचल प्रदेश: हमीरपुर में निर्माणाधीन फोरलेन पुल ढहा: 5 मजदूर घायल, 6 के मलबे में दबे होने की आशंका https://t.co/nTwkIl6UnP pic.twitter.com/vLDKrgfD9E
— Publicnews360.in (@publicnews360) October 2, 2026
अधिकारियों ने बताया कि करीब छह अन्य लोग मलबे में फंसे हुए हैं और उन्हें बचाने के लिए अभियान शुरू किया गया है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने एक बयान में बताया कि यह हादसा 90 मीटर लंबे ट्रस पुल को स्थापित करने के दौरान हुआ।
एनएचएआई ने कहा कि जब ‘लॉन्चिंग नोज’ को पियर कैप के ऊपर रखा गया, तभी यांत्रिक खराबी के कारण वह अचानक ढह गया, जिससे ट्रस संरचना नीचे गिर गई।