राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां जमीन पैमाईश को लेकर दिनदहाड़े 3 लोगों की गोली मारकर हत्या की गई है। काली थार सवार दबंगो ने अंधाधुन फायरिंग की। गोलियों की तड़तड़ाहट से मलिहाबाद इलाका दहला उठा। वहीं, ट्रिपल मर्डर से इलाके में दहशत का माहौल है।
मलिहाबाद के मोहम्मदनगर निवासी फरहीन (35) का सगे चाचा लल्लन से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। उक्त मामले में शुक्रवार को दोनों पक्ष जमीन की पैमाइश के लिए जुटे थे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि लल्लन पक्ष के लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान गोली मुनीर (55), उनके बेटे हंजाल (16), फरहीन और उनके पति फरीद को लगी।
बता दें कि काली थार में सवार बदमाशों की अंधाधुंध फायरिंग में 5 लोगों को गोली लगी। वहीं, गोली लगने से 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोगों की हालत गंभीर है, जिन्हें ट्रामा सेंटर भेजा गया है। इस घटना में मरने वालों में ताज खा (55 साल), फरहीन पत्नी फरीद (40 साल), हलदा पुत्र फरीद (20 साल) बताई जा रही है।
घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने मलिहाबाद सीएचसी के बाहर हंगामा किया। बता दें कि इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें काली थार में सवार कुछ बदमाश गोलियां बरसाते दिख रहे हैं। फिलहाल लखनऊ में हुए ट्रिपल मर्डर की वारदात से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, क्षेत्रीय पुलिस मूक दर्शक बनी हुई है।


