देवरिया जिला मुख्यालय के कोतवाली थानाक्षेत्र में सोनू घाट चौराहे के पास शुक्रवार को एक तेल टैंकर की चपेट में आने से एक पुलिसकर्मी की मौत हो गयी। यह जानकारी पुलिस ने दी।
कोतवाली थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) वेद प्रकाश शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि गाजीपुर जिले के मूल निवासी आरक्षी हरिश्चंद्र यादव (30) डायल 112 में तैनात थे और वह आज अपराह्न करीब एक बजे दो पहिया वाहन से सरकारी काम से देवरिया-सलेमपुर मार्ग पर सोनू घाट की तरफ गए थे। उन्होंने बताया कि रास्ते में एक तेल टैंकर की चपेट में आने से आरक्षी हरिश्चंद्र यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।
शर्मा ने बताया कि मृतक की पत्नी भी देवरिया जिले में पुलिस विभाग में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस इस संबंध में कानूनी कार्रवाई कर रही है।
एसएचओ ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और टैंकर को कोतवाली थाने लाया गया है, जबकि टैंकर चालक मौके से फरार हो गया।


