मेरठ के नौचंदी थाने में गैर-जमानती वारंट के आधार पर गिरफ्तार एक आरोपी सोमवार सुबह पुलिस हिरासत से फरार हो गया, जिसे बाद में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान जैदी फार्म के ढिवाई नगर निवासी अरशद के रूप में हुई है। उसके खिलाफ चोरी एवं लूटपाट करने और जेब काटने के आरोप में चार मुकदमे दर्ज हैं। अदालत से हाल में गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने उसे रविवार रात गिरफ्तार किया था।
सहायक पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइंस) दीक्षा भौरया ने बताया कि सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे नौचंदी थाने से आरोपी के पुलिस हिरासत से फरार होने की सूचना मिली, जिसके बाद उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।
उन्होंने बताया कि कर्तव्य के निर्वहन में लापरवाही बरतने के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें निलंबित कर दिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच की भी सिफारिश की गई है।
भौरया ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए थाना स्तर पर तीन दल गठित किए गए थे और सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी निगरानी की मदद से उसकी तलाश की जा रही थी।
पुलिस ने सोमवार देर शाम बताया कि अरशद को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस दल पर गोली चलाई और भागने की कोशिश में गिरने से उसके हाथ में चोट लग गई। उसके पास से एक तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
भौरया ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अरशद नौचंदी मैदान में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने अशोक की लाट के पास घेराबंदी की तो अरशद ने जान से मारने की नीयत से पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। इसके बाद भागने की कोशिश में वह गिर गया और उसके हाथ में चोट लग गई। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस दल पर गोली चलाने और अवैध हथियार रखने के आरोप में एक और प्राथमिकी दर्ज की गई है तथा उसे अदालत में पेश किया जा रहा है।