लंदन, विश्व का सर्वश्रेष्ठ स्कूल पुरस्कार 2026’ के फाइनल में भारत के दो स्कूलों ने जगह बनाकर देश का गौरव बढ़ाया है। इस सप्ताह लंदन में आयोजित पुरस्कार समारोह में पांच श्रेणियों के लिए चुने गए शीर्ष तीन स्कूलों में भारत के दो स्कूल शामिल हैं।
बेंगलुरु स्थित यूरोस्कूल बन्नेरघट्टा को पर्यावरण संरक्षण और इनवेंचर अकादमी को सामुदायिक सहयोग की श्रेणी में फाइनलिस्ट चुना गया है।
यूरोस्कूल बन्नेरघट्टा एक स्वतंत्र किंडरगार्टन, प्राथमिक और माध्यमिक स्कूल है। यह प्रकृति से जुड़ी शिक्षा को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के लिए पहचान बना रहा है। वहीं, बेंगलुरु के ही इनवेंचर अकादमी को समुदाय के साथ सहयोग और सामाजिक बदलाव की दिशा में उसके काम के लिए फाइनल में जगह मिली है।
इन पुरस्कारों की शुरुआत ब्रिटेन स्थित टी4 एजुकेशन ने कोविड महामारी के बाद चार साल पहले की थी। पांच श्रेणियों में दिए जाने वाले इन पुरस्कारों का उद्देश्य ऐसे स्कूलों को पहचान और मंच देना है, जो कक्षाओं के भीतर और बाहर विद्यार्थियों के साथ-साथ व्यापक समुदाय के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं।
टी4 एजुकेशन और ‘विश्व का सर्वश्रेष्ठ स्कूल पुरस्कार’ के संस्थापक विकास पोता ने भारतीय स्कूलों की उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यूरोस्कूल बन्नेरघट्टा और इनवेंचर अकादमी का 2026 के फाइनल में शीर्ष तीन स्कूलों में शामिल होना शानदार उपलब्धि है। यह दोनों स्कूलों के शिक्षकों, विद्यार्थियों और पूरे समुदाय के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
वर्ष 2026 के पुरस्कार विजेताओं में नाइजीरिया के एपे स्थित स्लम2स्कूल ग्रीन अकादमी को पर्यावरण संरक्षण की श्रेणी में सम्मानित किया गया। दक्षिण कोरिया के सियोल स्थित जी-स्कूल को नवाचार और पाकिस्तान के लाहौर स्थित टीएनएस बीकनहाउस को स्वस्थ जीवन को बढ़ावा देने की श्रेणी में पुरस्कार मिला।
वहीं, ब्रिटेन के लंदन स्थित स्विस कॉटेज स्कूल, डेवलपमेंट एंड रिसर्च सेंटर को सामुदायिक सहयोग की श्रेणी में विजेता घोषित किया गया। ब्राजील के रियो डी जेनेरियो स्थित एस्कोला म्यूनिसिपल जीईटी चतुर्थ सेंटेनारियो को विपरीत परिस्थितियों से उबरने की श्रेणी में पुरस्कार मिला।
पुरस्कार के विजेताओं और फाइनल में जगह बनाने वाले स्कूलों को अगले साल 16 और 17 जनवरी को लंदन में आयोजित होने वाले ‘विश्व स्कूल शिखर सम्मेलन’ में आमंत्रित किया जाएगा।