नई दिल्ली, केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) फरीदाबाद आयुक्तालय ने हरियाणा के रेवाड़ी में पान मसाला निर्माण इकाई पर छापेमारी कर कथित उपकर चोरी का बड़ा मामला पकड़ा है। जांच के दौरान फैक्ट्री में चार अघोषित पाउच-पैकिंग मशीनें संचालित मिलीं। अधिकारियों ने चारों मशीनों को जब्त कर लिया है। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जिसे अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी) की ओर से 20 नवंबर 2026 को जारी जानकारी के मुताबिक, सीजीएसटी फरीदाबाद आयुक्तालय ने खुफिया सूचना के आधार पर 16 नवंबर को रेवाड़ी के रामगढ़ रोड स्थित एक फर्म के परिसर में तलाशी अभियान चलाया था। इस फर्म पर स्वास्थ्य सुरक्षा से राष्ट्रीय सुरक्षा (एचएसएनएस) उपकर का भुगतान किए बिना पान मसाला बनाने का संदेह था।
तलाशी के दौरान अधिकारियों को धनराज ब्रांड पान मसाला के निर्माण में इस्तेमाल होने वाली चार वर्टिकल पाउच-पैकिंग मशीनें चालू हालत में मिलीं। जांच में पता चला कि संबंधित फर्म ने एचएसएनएस उपकर अधिनियम, 2025 के तहत पंजीकरण नहीं कराया था। इसके अलावा, उत्पादन में इस्तेमाल की जा रही पैकिंग मशीनों की भी नियमानुसार घोषणा नहीं की गई थी।
अधिकारियों के अनुसार, एचएसएनएस उपकर एक फरवरी 2026 से लागू है। यह उपकर पान मसाला निर्माताओं पर उनकी फैक्ट्रियों में स्थापित मशीनों की क्षमता के आधार पर लगाया जाता है। विभाग ने इस मामले में कथित तौर पर अदा नहीं किए गए उपकर की राशि 116.48 करोड़ रुपये बताई है।
अधिनियम के प्रावधानों के तहत आवश्यक घोषणा और पंजीकरण के बिना पान मसाला निर्माण के लिए मशीनों का संचालन अपराध है। इसी आधार पर मशीनों के मालिक और संचालक बताए जा रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सीजीएसटी विभाग ने बताया कि मामले की आगे जांच की जा रही है। जांच में उपकर चोरी से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित वित्तीय अनियमितताओं की पड़ताल की जाएगी।