मऊ जिले में एक बच्चे को कथित तौर पर गलत रक्त समूह का खून चढ़ाने और इलाज में लापरवाही बरतने के मामले में पुलिस ने दो चिकित्सकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। बच्चे के परिजनों का आरोप है कि गलत रक्त समूह का खून चढ़ाए जाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में जांच में उसे ब्लड कैंसर होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने अदालत के आदेश पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली पुलिस ने मंगलवार शाम ‘विवान चाइल्ड केयर’ के डॉ. विवेक सिंह और डॉ. संजय सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। बच्चे के परिजनों ने चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही के अलावा जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
सरायलखंसी थाना क्षेत्र के डुमरा गांव की रहने वाली शकुंतला देवी ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके पोते अभिनव की तबीयत बिगड़ने पर 11 नवंबर 2024 को उसे विवान चाइल्ड केयर में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान बच्चे को खून चढ़ाने की जरूरत पड़ी, जिसके लिए शारदा नारायण अस्पताल के ब्लड बैंक से रक्त की व्यवस्था की गई।
परिवार का आरोप है कि बच्चे का रक्त समूह ‘ओ’ था, लेकिन उसे ‘बी’ समूह का खून चढ़ा दिया गया। इसके बाद उसकी तबीयत और बिगड़ गई। शिकायत के अनुसार, 31 जनवरी 2025 को बच्चे की हालत फिर खराब होने पर उसे दोबारा विवान चाइल्ड केयर में भर्ती कराया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने इलाज करने में असमर्थता जताई और तीन फरवरी को उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी।
इसके बाद परिजन 20 फरवरी 2025 को बच्चे को लखनऊ स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) ले गए। वहां जांच के दौरान बच्चे में ‘बी-सेल एक्यूट लिम्फोब्लास्टिक ल्यूकेमिया’ यानी एक प्रकार के रक्त कैंसर की पुष्टि हुई। परिजनों ने गलत रक्त समूह का खून चढ़ाने और बाद में बच्चे की बीमारी के बीच संबंध होने का आरोप लगाया है। हालांकि, इस संबंध में चिकित्सकीय जांच के निष्कर्ष अभी सामने नहीं आए हैं।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, उन्होंने इलाज में लापरवाही को लेकर जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पुलिस अधीक्षक और मुख्यमंत्री से भी शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि 10 अक्टूबर 2025 को दोनों चिकित्सक उनके घर पहुंचे और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए दुर्व्यवहार किया। परिवार का यह भी आरोप है कि चिकित्सकों ने शिकायत वापस नहीं लेने पर उन्हें जिंदा दफनाने की धमकी दी।
परिवार ने बताया कि पुलिस की ओर से शिकायत पर कार्रवाई नहीं किए जाने के बाद शकुंतला देवी ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अदालत के निर्देश पर पुलिस ने दोनों चिकित्सकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
नगर पुलिस क्षेत्राधिकारी नितेश सिंह ने बताया कि अदालत के आदेश पर कोतवाली थाने में डॉ. विवेक सिंह और डॉ. संजय सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि एक महिला ने अपने पोते को उचित इलाज नहीं दिए जाने की शिकायत की थी। मामले की जांच नगर क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी कर रहे हैं और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, मामले में लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने और साक्ष्य सामने आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।