भेलसर (अयोध्या), श्रीमद्भागवत कथा के पंचम दिवस श्रीधाम वृंदावन से पधारे अंतरराष्ट्रीय कथाव्यास हितेंद्र कृष्ण जी महाराज ने सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं, सामाजिक कुरीतियों और गो-संवर्धन पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि वैदिक संस्कृति में केक काटने की परंपरा नहीं रही है। केवल माला फेरने से रामराज की स्थापना नहीं होगी, बल्कि भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना होगा।
नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी मनीष कुमार वैश्य, सभासद आशीष कुमार वैश्य, रजनीश कुमार वैश्य एवं माता लक्ष्मी देवी की ओर से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में महाराज जी ने कहा कि सभी धर्मों की अपनी अलग विचारधारा, परंपरा और पूजा पद्धति है। सनातन परंपरा में सूर्य उदय से दिन की शुरुआत मानी जाती है। हिंदू विवाह पद्धति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्राचीन भारतीय परंपरा में विवाह दिन के समय होते थे।
कथाव्यास ने कहा कि भगवान राम और श्रीकृष्ण ने समाज में व्याप्त रूढ़ियों और अन्याय को समाप्त करने का संदेश दिया। उनके आदर्शों को जीवन में उतारना जरूरी है। उन्होंने गो-संवर्धन पर जोर देते हुए कहा कि गोमाता के सम्मान और संरक्षण का स्वतंत्रता आंदोलन में भी महत्वपूर्ण स्थान रहा है, लेकिन आज गोवंश उपेक्षा और दुर्दशा का सामना कर रहा है। सनातन धर्म में जन्म से लेकर मृत्यु तक गोमाता की उपयोगिता बताई गई है। ऐसे में गोवंश की रक्षा और सेवा प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।
उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ताओं की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि धर्म और समाज के लिए काम करने वाले लोगों को कई बार शोषण का सामना करना पड़ता है, जबकि मीठी-मीठी बातें करके लोगों को बहकाने वालों को सम्मान मिलता है। उन्होंने भगवान राम, श्रीकृष्ण, भगत सिंह, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी और चंद्रशेखर आजाद जैसे महापुरुषों का उदाहरण देते हुए कहा कि समाज अक्सर अपने समय में महापुरुषों के योगदान को उचित महत्व नहीं देता और उनके जाने के बाद उनका गुणगान करता है।
मूर्ति पूजा और आध्यात्मिक जीवन पर भी हितेंद्र कृष्ण जी महाराज ने अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म मुक्ति का मार्ग है और मनुष्य को सांसारिक प्रपंचों से ऊपर उठकर आध्यात्मिक जीवन की ओर बढ़ना चाहिए। इस दौरान उन्होंने स्त्रियों, धार्मिक ग्रंथों और दीक्षा परंपरा को लेकर भी अपनी मान्यताएं व्यक्त कीं।
कथा के दौरान महाराज जी ने भगवान श्रीकृष्ण की कालिया मर्दन और गोवर्धन धारण लीला का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि कालिया नाग के विष से यमुना का जल दूषित हो गया था, जिससे पशु-पक्षियों और ग्वाल-बालों का जीवन संकट में पड़ गया था। भगवान श्रीकृष्ण ने कालिया नाग के फनों पर नृत्य कर उसका अहंकार तोड़ा और उसे यमुना छोड़कर जाने का आदेश दिया, ताकि नदी का जल फिर से निर्मल हो सके।
गोवर्धन लीला का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को समझाया था कि गोवर्धन पर्वत, वन और गायें उनके जीवन, आजीविका और आश्रय का प्रमुख आधार हैं। इसलिए प्रकृति और अपने कर्म के प्रति कृतज्ञ होना चाहिए। ब्रजवासियों द्वारा इंद्र के स्थान पर गोवर्धन पूजा किए जाने से क्रोधित देवराज इंद्र ने मूसलाधार बारिश शुरू कर दी। तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठिका उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर सात दिनों तक ब्रजवासियों और गोवंश को आश्रय दिया। अंत में इंद्र का अहंकार टूट गया और उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से क्षमा मांगी। महाराज जी ने बताया कि इसी प्रसंग से गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव की परंपरा जुड़ी हुई है।
कथा के बीच भगवान श्रीकृष्ण द्वारा बाल सखाओं के साथ दूध, दही और माखन की मटकियां फोड़ने की मनोहारी झांकी प्रस्तुत की गई। इसे देखकर पंडाल में मौजूद हजारों श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा की और मंगलगीत गाए। कथा के समापन पर सैकड़ों अतिथियों और श्रद्धालुओं ने श्रीमद्भागवत भगवान की आरती की।