नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में मंगलवार को एक हेलीपैड पर उतरते समय दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर हो गई, जिसमें 47 वर्षीय एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई जबकि एक अन्य यात्री घायल हो गया।
नेपाल पुलिस द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, यह टक्कर सोलुखुम्बु जिले के खुम्बू पासांग ल्हामु ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर-4 स्थित फेरिचे हेलीपैड पर मंगलवार को हुई, जहां दो हेलीकॉप्टर उतरने की कोशिश कर रहे थे।
सोलुखुम्बु जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार, ‘फिशटेल एयर’ और ‘एयर डायनेस्टी’ द्वारा संचालित दोनों हेलीकॉप्टर स्थानीय समयानुसार सुबह करीब आठ बजकर 11 मिनट पर टकराए।
नेपाल में लैंडिंग के दौरान हवा में टकराए दो हेलीकॉप्टर, उड़े परखच्चे, भारतीय पर्यटक की मौत
नेपाल के सोलुखुंबु में मंगलवार सुबह लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। यह हादसा फेरेचे हेलीपोर्ट पर हुआ, जहां Dynasty Air और Fishtail Air के हेलीकॉप्टरों की टक्कर हो गई।… pic.twitter.com/608KZGAtOW
— RT Hindi (@RT_hindi_) November 3, 2026
पुलिस निरीक्षक मौसम तमांग ने बताया कि मृतक की पहचान भारतीय नागरिक वसंत कुमार बालारामरामाडु के रूप में हुई है और वह फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार थे। उन्होंने बताया कि इसी हेलीकॉप्टर में सवार न्यूजीलैंड निवासी भारतीय मूल के शैलेश कृष्ण पटेल (49) भी घायल हो गए।
तमांग के अनुसार, पटेल को एक प्रभु हेलीकॉप्टर से काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया गया।इस हादसे में फिशटेल एयर के पायलट रवींद्र प्रजापति और एयर डायनेस्टी के पायलट प्रज्वल केसी भी घायल हो गए। दोनों नेपाली नागरिकों को उपचार के लिए काठमांडू ले जाया गया है।
फेरीचे, माउंट एवरेस्ट आधार शिविर के रास्ते में पड़ता है, जो काठमांडू से 150 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है।
पुलिस ने बताया कि बालारामारामाडु का पार्थिव शरीर लुकला के एक अस्पताल में ले जाया गया है। हादसे के समय दोनों हेलीकॉप्टरों में सवार यात्रियों की संख्या की अभी पुष्टि नहीं हुई है।