भेलसर (अयोध्या), रुदौली कोतवाली पुलिस ने भेलसर अंडरपास के पास महिला के गले से मटर माला छीनकर फरार होने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और पीली धातु की मटर माला बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को भेलसर अंडरपास के पास एक महिला के गले से मटर माला छीनकर एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से फरार हो गया था। मामले में कोतवाली रुदौली में मुकदमा अपराध संख्या 588/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) और 317(2) में मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अयोध्या डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने 1 नवंबर की रात करीब 9:05 बजे गुलचप्पा मोड़ स्थित कस्तूरबा स्कूल के पास से विनय कुमार को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनय कुमार पुत्र राममिलन गोस्वामी, निवासी बरबसौली, थाना जैदपुर, जनपद बाराबंकी के रूप में की है। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, जिसका नंबर यूपी 41 बीई 8221 है, और पीली धातु की मटर माला बरामद की गई।
प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य ने बताया कि आरोपी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य, उपनिरीक्षक युवराज (चौकी प्रभारी भेलसर), हेड कांस्टेबल संजीव सिंह, कांस्टेबल प्रियेश तिवारी और कांस्टेबल देवव्रत चौधरी शामिल रहे।