अयोध्या, थाना कैंट क्षेत्र के गुप्तार घाट पर शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से आए एक पति-पत्नी ने सरयू नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद गोताखोरों ने तत्काल नदी में उतरकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते हुए रेस्क्यू के कारण उनकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार शाम करीब चार बजे की है। पति की पहचान सुधीर श्रीवास्तव और पत्नी की पहचान 45 वर्षीय अर्चना श्रीवास्तव के रूप में हुई है। बताया गया कि नदी में छलांग लगाने से पहले दोनों ने एक-दूसरे के हाथ बांध रखे थे। इसके बाद दोनों सरयू नदी में कूद गए।
![]()
घटना को देखकर घाट पर मौजूद गोताखोरों ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी और बचाव अभियान शुरू कर दिया। गोताखोर अमरजीत निषाद, आनंद राज निषाद, अमन निषाद, राजकुमार निषाद और रामकुमार निषाद ने रेस्क्यू में अहम भूमिका निभाई। टीम ने गहरे पानी से पति-पत्नी दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
![]()
रेस्क्यू अभियान में भगवान दीन निषाद, प्रदीप निषाद और जल्दू निषाद समेत अन्य गोताखोर भी शामिल रहे। नदी से बाहर निकालने के बाद दोनों को मीरन घाट महिला चौकी प्रभारी किरण पाल और सिपाही रमन शर्मा के सुपुर्द किया गया।
फिलहाल पति-पत्नी के नदी में छलांग लगाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के संबंध में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई और दोनों से पूछताछ के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।