देहरादून, उत्तराखंड में मंगलवार देर रात भूकंप के झटकों से धरती कांप उठी। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक रात 10 बजकर 23 मिनट पर चमोली में 4.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। भूकंप की गहराई करीब 13 किलोमीटर बताई गई है।
भूकंप का केंद्र जोशीमठ से करीब 50 किलोमीटर दक्षिण में बताया गया। चमोली के अलावा देहरादून, पिथौरागढ़, पौड़ी के कोटद्वार, बागेश्वर और अल्मोड़ा में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।
अचानक आए झटकों के बाद कई इलाकों में लोग घबराकर घरों और अन्य भवनों से बाहर निकल आए। कुछ समय तक लोगों में भूकंप को लेकर दहशत का माहौल रहा।
फिलहाल भूकंप के कारण किसी जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्कता बरती जा रही है।