लखनऊ, प्रदेश में अक्टूबर के पहले सप्ताह में मौसम ने अचानक करवट ली है। सोमवार को तराई और पूर्वांचल के कई जिलों में सुबह से बादल सक्रिय रहे। दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई और शाम तक अयोध्या, बाराबंकी, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, आजमगढ़ और गोरखपुर समेत कई जिलों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हुई। तेज हवाओं और बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई और मौसम में ठंडक महसूस होने लगी।
मौसम में यह बदलाव कई मौसमी परिस्थितियों के एक साथ सक्रिय होने के कारण आया है। एक ट्रफ लाइन उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश से होते हुए बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल तक बनी हुई है।
इसके अलावा वातावरण में नमी, दिन के समय होने वाली हीटिंग और सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के संयोग से मौसम में अस्थिरता बढ़ी है। इन परिस्थितियों के कारण बादल सक्रिय हुए और प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश तथा तेज हवाओं का दौर शुरू हुआ।
अयोध्या और प्रतापगढ़ में हवा की रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की जानकारी सामने आई है। प्रतापगढ़ में कुछ स्थानों पर ओले गिरने की भी सूचना मिली है। तेज हवाओं और बारिश के कारण कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ, वहीं लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग के अनुसार, मौसमी बदलाव का असर पूरे सप्ताह बने रहने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके चलते अधिकतम तापमान में करीब तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने के आसार हैं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इस बदलाव का असर अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना है। तराई और पूर्वांचल के जिलों में भी बादलों की आवाजाही और बारिश का दौर जारी रह सकता है।