आगरा, मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के आगरा स्थित पैतृक आवास का मंगलवार को गंगाजल से शुद्धीकरण किया गया। विजयनगर स्थित आवास पर पहले कलश यात्रा निकाली गई और इसके बाद सुंदरकांड का पाठ किया गया। पाठ के बाद घर का शुद्धीकरण किया गया।
ज्ञानेश कुमार की मां सत्यवती गुप्ता ने कहा कि 28 सितंबर को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान घर के बाहर काफी गंदगी फैलाई गई थी और मुख्य द्वार पर आपत्तिजनक बातें लिखी गई थीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान जमकर नारेबाजी हुई और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। इसके बाद मंदिर से गंगाजल की कलश यात्रा निकालकर लाई गई और सुंदरकांड के पाठ के बाद घर का शुद्धीकरण किया गया।
निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 28 सितंबर को ज्ञानेश कुमार के विजय नगर स्थित पैतृक आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान मुख्य द्वार और दीवारों पर कथित तौर पर कालिख पोती गई तथा आपत्तिजनक नारे लिखे गए थे।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कांग्रेस के छह कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। आरोपियों के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान कथित उपद्रव और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, छहों कार्यकर्ता 4 अक्टूबर को जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आ गए।