अयोध्या, बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने का सिलसिला लगातार जारी है। शनिवार को तहसील रुदौली के पस्ता माफी स्थित बाढ़ चौकी पर इस सत्र में छठी बार राहत किट का वितरण किया गया।
विधायक रामचंद्र यादव और अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अमित कुमार भट्ट की मौजूदगी में 312 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत किट वितरित की गई।
राहत किट सलेमपुर के 60, अब्बूपुर के 75, सराय नासिर मुजेहना के 100, मरोचा के 37, पसैया तटबंध के 28 और नेपुरा के 12 परिवारों को दी गई।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि अब तक रुदौली तहसील में कुल 1482 राहत किट वितरित की जा चुकी हैं। इनमें आठ अगस्त को 125, 19 अगस्त को 225, 20 अगस्त को 284, 22 अगस्त को 386, तीन सितंबर को 150 और पांच सितंबर को 312 राहत किट शामिल हैं।
राहत किट में आटा, दाल, चावल, नमक, आलू, प्याज, नहाने की बाल्टी, तिरपाल समेत कुल 26 सामग्री शामिल हैं।
उप जिलाधिकारी विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए अब तक 803.5 कुंतल भूसा वितरित किया जा चुका है।
इसमें नौ अगस्त को 158.3, 21 अगस्त को 208.8, 29 अगस्त को 141 और 31 अगस्त को 295.4 कुंतल भूसा वितरित किया गया।
विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराया जा चुका है। प्रभावित सभी परिवारों को जल्द राहत सामग्री और पशुओं के लिए भूसा उपलब्ध कराया जाएगा।
इस दौरान तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता, ग्राम प्रशासक कैथी मांझा राम सदल, क्षेत्रीय लेखपाल नकछेद भारती, शहंशाह, शिव प्रताप और महेंद्र वर्मा मौजूद रहे।