अयोध्या, भाजपा नेता और जिला मंत्री वीर सेन सिंह ‘काका’ की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा थाना कैंट क्षेत्र के सहादतगंज ओवरब्रिज पर हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद वह ओवरब्रिज से नीचे जा गिरे। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वीर सेन सिंह ‘काका’ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सहादतगंज ओवरब्रिज पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह ओवरब्रिज से नीचे जा गिरे, जबकि उनकी बाइक ओवरब्रिज पर ही रह गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
वीर सेन सिंह काका अयोध्या के भीखनपुर के रहने वाले थे और भारतीय जनता पार्टी में जिला मंत्री के पद पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे। भाजपा के संगठनात्मक कार्यक्रमों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही थी। उनका नाम भाजपा जिला कार्यालय सहादतगंज में निर्धारित दिवस अधिकारियों की सूची में शामिल था।
भाजपा नेता की अचानक मौत की खबर से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वीर सेन सिंह काका के निधन पर दुख जताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
पुलिस हादसे की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है। हादसे के कारणों और वाहन की पहचान के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री वीरसेन सिंह काका के असामयिक दुखद निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा की शांति व दुख के इस प्रहर में परिवारजनों को सम्बल प्रदान करने की प्रार्थना है।