अयोध्या, शिक्षक दिवस पर शनिवार को रुदौली खंड विकास कार्यालय का सभागार गुरुजनों के सम्मान का साक्षी बना। तहसील क्षेत्र के अलग-अलग विद्यालयों में शिक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे 100 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक रामचंद्र यादव ने शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र, डायरी और माला भेंटकर उनका अभिनंदन किया।
समारोह में शिक्षकों के योगदान को रेखांकित करते हुए विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को शिक्षा देने के साथ उनके चरित्र और व्यक्तित्व निर्माण की जिम्मेदारी भी शिक्षकों के कंधों पर होती है। शिक्षक जिस तरह से बच्चों को ज्ञान और संस्कार देते हैं, उसी से आने वाली पीढ़ी का भविष्य तय होता है।
उन्होंने कहा कि समाज में शिक्षकों का स्थान हमेशा से सर्वोच्च रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर परिणाम के लिए शिक्षक,अभिभावक और समाज के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। शिक्षकों को मिलने वाला सम्मान उन्हें और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है।
समारोह के दौरान सम्मानित शिक्षकों में उत्साह देखने को मिला। शिक्षकों ने कहा कि इस तरह के आयोजन उनके कार्य के प्रति समाज की अपेक्षाओं और विश्वास को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई।
इस मौके पर खंड विकास अधिकारी अखिलेश गुप्ता,नीलमणि त्रिपाठी और श्रीप्रकाश पाठक समेत अन्य लोग मौजूद रहे।