अयोध्या, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अयोध्या द्वारा थाना मवई के थानाध्यक्ष कार्यालय एवं आदर्श मेस के नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही थाना मवई क्षेत्र में नवनिर्मित पुलिस चौकी ‘रामदास नगर’ का भी विधिवत लोकार्पण फीता काटकर किया गया।
![]()
इस अवसर पर एसपी ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी रुदौली सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान नवनिर्मित रामदास नगर चौकी परिसर में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अयोध्या द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
![]()
चौकी परिसर में मौजूद बच्चों से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्नेहपूर्वक संवाद किया। बच्चों से बातचीत के बाद उन्हें मिष्ठान्न वितरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान थाना मवई क्षेत्र में नियुक्त ग्राम प्रहरियों को टॉर्च, डंडा, साफा, सीटी-डोरी सहित अन्य जरूरी सामग्री प्रदान की गई। इन संसाधनों के मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि गश्त, निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस तक पहुंचाने में उन्हें मदद मिलेगी। पुलिस का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा और सतर्कता व्यवस्था को और प्रभावी बनाना है।