अयोध्या, एसडीएम के कथित दुर्व्यवहार से नाराज रुदौली तहसील के अधिवक्ताओं का तहसील के सभी न्यायालयों में अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार गुरुवार को भी जारी रहा।
एल्डर्स कमेटी के चेयर मैन द्वारा एसडीएम से वार्ता किए बिना एकतरफा हड़ताल समाप्त करने के निर्णय पर अधिवक्ताओं ने हंगामा कर दिया।
मालूम हो कि अधिवक्ता अखंड प्रताप सिंह के साथ एसडीएम द्वारा कथित अभद्रता के विरोध में बुधवार को हुई आमसभा की बैठक के बाद अधिवक्ताओं की तहसील भवन में प्रवेश पर लगाई गई।उसके अधिवक्ता हड़ताल पर चले गए थे। अधिवक्ताओं ने तहसील भवन में प्रवेश करने पर पांच हजार रुपये जुर्माना लगाने का निर्णय भी लिया था।
गुरुवार को बार सभागार में एल्डर्स कमेटी के चेयर मैन अब्दुल हई खान ने आमसभा की बैठक बुलाई। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता अधिवक्ता अखंड प्रताप सिंह को अब कोई शिकायत नहीं है। इस पर अधिवक्ताओं ने अखंड प्रताप सिंह को बैठक में बुलाने की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
अधिवक्ताओं ने कहा कि एसडीएम से वार्ता और हड़ताल के कारणों का स्पष्टीकरण दिए बिना आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। नाराज अधिवक्ता सभागार में बैठक से बाहर निकल आए और तहसील परिसर में एकत्र होकर नारेबाजी की।
अधिवक्ता ओम प्रकाश मिश्र ने कहा कि जब तक एसडीएम से वार्ता नहीं होगी, हड़ताल समाप्त नहीं की जाएगी। अधिवक्ता ज्वाला प्रसाद ने पूर्व अध्यक्ष गोरखनाथ तिवारी समेत चार अधिवक्ताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमे का मामला भी उठाया। रमेश तिवारी और साहब शरण वर्मा ने कहा कि पूर्व अध्यक्ष गोरखनाथ समेत चार अधिवक्ताओं पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं होने तक हड़ताल जारी रहनी चाहिए।
एल्डर्स कमेटी के चेयर मैन हई खान ने कहा कि एसडीएम से सकारात्मक वार्ता के बाद आमसभा की सहमति से ही हड़ताल समाप्त की जाएगी।
वहीं, एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि अधिवक्ता संघ को वार्ता के लिए पत्र भेजा जा रहा है। वार्ता के माध्यम से गतिरोध समाप्त कराने का प्रयास किया जाएगा।