हापुड़ जिले के बदनौली गांव में दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश ने शुक्रवार को हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान गोलीबारी और पथराव की घटना में एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, हापुड़ नगर थाना क्षेत्र के मोदीनगर रोड पर हुई इस घटना में गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को इलाज के लिए मेरठ के अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) कलानिधि नैथानी ने संवाददाताओं को बताया कि गांव में अब स्थिति नियंत्रण में है और अगले आदेश तक वहां पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद करीब दो साल पहले एक जिम में हुई कहासुनी से शुरू हुआ था।
पुलिस के अनुसार दीपक उर्फ गोलू के गोली लगी, जबकि मनीष, बंटी और मुनीश (महिला) पथराव में घायल हुए। सभी को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए मनीष, बंटी और महिला को मेरठ भेजा गया।
मेरठ के अपर पुलिस महानिदेशक भानु भास्कर ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पांच विशेष टीमें गठित की हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस ने पूछताछ के लिए चार लोगों को हिरासत में लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
थाना हापुड़ नगर क्षेत्र के ग्राम बदनौली में 02 पक्षों के मध्य किसी बात को लेकर झगड़ा व फायरिंग की घटना हुई है, जिसमें एक महिला सहित 04 लोग घायल हुए हैं एवं घायलों को उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया है। त्वरित कार्यवाही कर 04 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
बाइट~ एसपी हापुड pic.twitter.com/JQ21FeXwXQ— HAPUR POLICE (@hapurpolice) September 4, 2026