अमेरिका के पश्चिमी अलास्का में दूरदराज के इलाके में बृहस्पतिवार को एक विशेष विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसमें आठ लोग सवार थे।
राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (एनटीएसबी) के अलास्का क्षेत्र के प्रमुख क्लिंट जॉनसन ने बताया कि विमान में दो पायलट और छह यात्री सवार थे। उन्होंने इन लोगों की स्थिति के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी है।
उन्होंने बताया कि विमान ने एंकरेज से उड़ान भरी थी और माना जा रहा है कि वह बृहस्पतिवार दोपहर को अलास्का के केप न्यूएनहैम के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जॉनसन ने कहा कि इस मामले में अब तक प्रारंभिक जानकारी ही मिली है।
अलास्का बचाव समन्वय केंद्र ने कहा कि उसने ‘केप न्यूएनहैम लॉन्ग रेंज रडार साइट’ के पास ‘‘विमान से जुड़ी घटना’’ की सूचना मिलने के बाद तलाश एवं बचाव अभियान शुरू किया।
केंद्र ने कहा कि और जानकारी उपलब्ध होने पर उसे साझा किया जाएगा।










