गोरखपुर में देर रात बाघागाड़ा इलाके में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। काशी डिपो की बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 यात्री घायल हो गए। बस में कुल 37 यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की निगरानी में सभी घायलों का इलाज जारी है।
अधिकारियों के मुताबिक, सभी घायल खतरे से बाहर हैं। एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार ने बताया कि हादसा रात करीब 11:30 बजे हुआ। प्रशासन और परिवहन विभाग की टीम घायलों के परिजनों से संपर्क कर रही है। प्राथमिक उपचार के बाद यात्रियों को उनके परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है।
हादसे की वजह की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना के कारणों का पता चलेगा। मृतक और घायलों को UPSRTC के नियमानुसार सहायता देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।










