बुलंदशहर में एक अगस्त को 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या करने के मामले में वांछित और 50,000 रुपये का इनामी बदमाश शनिवार देर रात पुलिस के साथ मुठभेड़ में ढेर हो गया। पुलिस ने कहा कि गुलावठी थाना क्षेत्र में यह मुठभेड़ हुई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार देर रात गुलावठी थाना क्षेत्र में दो मोटरसाइकिल सवार बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई।
पुलिस ने कहा कि उसने बदमाशों को जांच के लिए रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी जिससे उपनिरीक्षक संदीप कुमार एवं कांस्टेबल नरेन्द्र कुमार घायल हो गए।
सिंह ने बताया कि आत्म रक्षा के लिए पुलिस टीम की जवाबी गोलीबारी में एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया और दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया।
घायल बदमाश और पुलिसकर्मियों को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां से बदमाश को जिला अस्पताल रेफर किया गया। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने बदमाश को मृत घोषित कर दिया।
मृत बदमाश की पहचान मोनू के रूप में हुई है जो चोला थाने के फतेहपुर जादौन गांव का निवासी था।बदमाश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक ने 50 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया था। अभियुक्त के खिलाफ जनपद गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, बरेली, और अलीगढ़ में कई मुकदमे दर्ज हैं।










