नयी दिल्ली, उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने चार न्यायाधीशों को विभिन्न उच्च न्यायालयों का मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने की सिफारिश की है। भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत की अगुवाई वाले कॉलेजियम ने छह अगस्त को हुई बैठक में यह निर्णय लिया।
दिल्ली उच्च न्यायालय में कार्यरत न्यायमूर्ति वी. कामेश्वर राव को पटना उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने की सिफारिश की गई है जबकि बंबई उच्च न्यायालय के न्यायाधीश रवींद्र वी. घुगे को कलकत्ता उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की गई है।
इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीश महेश चंद्र त्रिपाठी को बंबई उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने की सिफारिश की गई है।
पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश अश्विनी कुमार मिश्रा को इसी उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की गई है।
कॉलेजियम ने एक अन्य फैसले में उच्च न्यायालयों के दो न्यायाधीशों के तबादले की भी सिफारिश की है।
वर्तमान में उड़ीसा उच्च न्यायालय में कार्यरत न्यायमूर्ति मानस रंजन पाठक का तबादला गुजरात उच्च न्यायालय करने की सिफारिश की गई है।
उड़ीसा उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति कृष्ण राम महापात्र का तबादला छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय करने की सिफारिश की गई है।










