अयोध्या, सोहावल ब्लॉक के सनाहा स्थित इंग्लिश मीडियम प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों के बीच हुई मारपीट के मामले में बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।
बीएसए लालचंद ने खंड शिक्षा अधिकारी की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर विद्यालय के तीनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया है।
निलंबित शिक्षकों में विशाल जायसवाल, शिक्षिका सविता देवी और प्रधानाध्यापक राजन शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में तीनों के बीच मारपीट की पुष्टि होने के बाद विभाग ने यह कार्रवाई की।
जानकारी के मुताबिक, विद्यालय खुलने के समय शिक्षकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना की जानकारी मिलने पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू की।
निलंबन के साथ तीनों शिक्षकों को अलग-अलग स्थानों पर संबद्ध किया गया है। विशाल जायसवाल को ब्लॉक संसाधन केंद्र रुदौली, प्रधानाध्यापक राजन को बीआरसी मिल्कीपुर और शिक्षिका सविता देवी को पूराबाजार से संबद्ध किया गया है।
बीएसए के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










