अयोध्या, रुदौली कोतवाली क्षेत्र के खैरनपुर स्थित दारुल उलूम मखदूमिया मदरसे के बगल में शनिवार की देर शाम को अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर रुदौली फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
वहीं, रुदौली कोतवाली के क्राइम इंस्पेक्टर शत्रोहन सिंह अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके अलावा भेलसर चौकी प्रभारी युवराज सिंह भी मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभालते रहे।
प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच कराई जा रही है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार आग अचानक भड़क उठी, जिससे कुछ समय के लिए पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है।










