अलीगढ़ जिले में शत्रु संपत्ति को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के शत्रु संपत्ति अभिरक्षक कार्यालय ने अतरौली तहसील क्षेत्र की एक जमीन को शत्रु संपत्ति घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस संबंध में पाकिस्तान के नागरिक मोहम्मद नासिर के नाम दर्ज संपत्ति पर नोटिस जारी किया गया है। नोटिस मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन भी सक्रिय हो गया है और तहसील स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अतरौली क्षेत्र के दलपतपुर गांव की घटा संख्या 152 और 180 की करीब 16 बीघा भूमि को शत्रु संपत्ति के रूप में दर्ज किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। तहसील प्रशासन ने संबंधित भूमि पर नोटिस चस्पा कर दिया है।
बताया जाता है कि देश विभाजन के दौरान पाकिस्तान चले गए लोगों की भारत में बची संपत्तियों को शत्रु संपत्ति की श्रेणी में रखा गया था। इन संपत्तियों का संरक्षण और प्रबंधन सरकार द्वारा किया जाता है।
अलीगढ़ जिले में वर्तमान में कुल 48 शत्रु संपत्तियां दर्ज हैं, जिनमें सबसे अधिक संपत्तियां कोल तहसील और शहर क्षेत्र में स्थित हैं।










