कन्नौज, योगी सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कन्नौज में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। सदर तहसील के रजिस्ट्री कार्यालय में तैनात उपनिबंधक अश्वनी कुमार वर्मा को एंटी करप्शन टीम ने कथित रूप से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
आरोप है कि एक बैनामा में गड़बड़ी बताकर पहले 1 लाख 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी, जिसे बाद में 60 हजार रुपये में तय किया गया। पीड़ित पक्ष ने इसकी शिकायत विजिलेंस टीम से की थी। शिकायत के आधार पर कानपुर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और तय रकम लेते समय आरोपी अधिकारी को पकड़ लिया।
पीड़ित पक्ष के वकील हीरालाल ने बताया कि बैनामा सही होने के बावजूद रिश्वत की मांग की जा रही थी। कानपुर विजिलेंस के सीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि शिकायत की जांच के बाद कार्रवाई की गई।
इस दौरान एक निजी युवक को भी हिरासत में लिया गया, जो कथित रूप से लेनदेन में शामिल था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कड़ी सुरक्षा में कन्नौज कोतवाली ले जाया गया। फिलहाल विजिलेंस टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है।










